हैदराबाद। राजेंद्रनगर थाना क्षेत्र के वट्टापल्ली इलाके में महज ₹10 के छुट्टे पैसे को लेकर हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि एक ऑटो ड्राइवर की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। सबसे दर्दनाक बात यह रही कि वारदात के दौरान उसकी पत्नी और बच्चे भी मौके पर मौजूद थे।
बताया जा रहा है कि 20 सितंबर की शाम ऑटो किराए के भुगतान को लेकर विवाद शुरू हुआ। सवारी ने कथित तौर पर किराए के ₹10 के बदले ₹200 का नोट दिया था। इसी बात को लेकर अजीम नाम के व्यक्ति और ऑटो ड्राइवर के बीच कहासुनी हुई। आरोप है कि इसके बाद अजीम ने अपने साथियों को बुलाया और सड़क पर ही ड्राइवर के साथ मारपीट शुरू कर दी।
आरोप है कि हमलावरों ने ड्राइवर को इतनी बेरहमी से पीटा कि उसने पत्नी और बच्चों के सामने ही दम तोड़ दिया।
इलाके में पहले भी हत्या का आरोप
मामले को लेकर बहादुरपुरा के AIMIM विधायक मोहम्मद मुबीन ने गंभीर आरोप लगाए हैं। उनके मुताबिक, घटना में शामिल बताए जा रहे कुछ लोग इलाके में उपद्रव और आपराधिक गतिविधियों के लिए जाने जाते हैं। विधायक ने यह भी दावा किया कि इसी सड़क पर करीब एक महीने के भीतर यह दूसरी हत्या है।
विधायक ने पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी, कड़ी कानूनी कार्रवाई और इलाके में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है। उन्होंने मृतक के परिवार के प्रति संवेदना जताते हुए न्याय दिलाने की बात कही।
पुलिस जांच में जुटी
राजेंद्रनगर थाना पुलिस ने मामले में संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, घटना से जुड़े आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है। मामले की जांच के बाद ही पूरी घटना और आरोपों की तस्वीर स्पष्ट होगी।
₹10 का विवाद... और एक परिवार का सहारा हमेशा के लिए छिन गया।
