“एक छोटी सी नाराजगी ने छीन ली जिंदगी… नेटवर्क की परेशानी से शुरू हुआ गुस्सा, अस्पताल में थमी 52 साल की महिला की सांसें।”
कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर रील देखने के दौरान बार-बार नेटवर्क बंद होने से नाराज एक 52 वर्षीय महिला ने कथित तौर पर गुस्से में अपना मोबाइल जमीन पर पटक दिया। इसके बाद भी उसका गुस्सा शांत नहीं हुआ और कुछ देर बाद उसने घर में रखा कीटनाशक पी लिया। गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई।
मामला करतला थाना क्षेत्र के केराकछार गांव का है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, पांच सितंबर की दोपहर मंगलो बाई सारथी अपने घर में मोबाइल फोन पर सोशल मीडिया की रील देख रही थी। इसी दौरान मोबाइल नेटवर्क बार-बार बाधित होने लगा। रील देखने में आ रही परेशानी से नाराज होकर महिला ने गुस्से में मोबाइल फोन जमीन पर पटक दिया, जिससे वह क्षतिग्रस्त हो गया।
बताया जा रहा है कि मोबाइल टूटने के बाद भी महिला का गुस्सा शांत नहीं हुआ। कुछ समय बाद उसने घर में रखा कीटनाशक पी लिया। कीटनाशक पीने के बाद उसकी हालत बिगड़ने लगी और वह दर्द से तड़पने लगी।
17 साल की बेटी ने मां को तड़पते देखा
घटना के वक्त घर में मौजूद 17 वर्षीय बेटी ने अपनी मां को गंभीर हालत में देखा। उसने तत्काल परिवार के अन्य सदस्यों को घटना की जानकारी दी।
इसके बाद परिजन महिला को करतला के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए मेडिकल कॉलेज अस्पताल, कोरबा रेफर कर दिया।
मेडिकल कॉलेज अस्पताल में कई दिनों तक इलाज चलने के बाद सोमवार को मंगलो बाई की मौत हो गई।
परिवार में पति और तीन बच्चे
पुलिस के अनुसार, मंगलो बाई के परिवार में पति प्रेमलाल सारथी और तीन बच्चे हैं।
24 वर्षीय बड़ा बेटा अपनी पत्नी के साथ कोरबा शहर में रहता है, जबकि 22 वर्षीय बेटा और 17 वर्षीय बेटी माता-पिता के साथ करतला स्थित घर में रहते हैं।
पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। मामले की जांच की जा रही है और पुलिस घटना के सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।
