3 दिन बाद खुला राज, आरोपी लिव-इन पार्टनर पुलिस की गिरफ्त में
जयपुर। राजस्थान की राजधानी जयपुर के बिंदायका इलाके से एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। प्रेस्टीज कॉलोनी में किराए के मकान में रहने वाली 32 वर्षीय महिला किरण का शव घर के आंगन में दफन मिला। पुलिस के मुताबिक, महिला अपने 22 वर्षीय लिव-इन पार्टनर प्रवेश के साथ रह रही थी। प्रारंभिक जांच में महिला के गर्भवती होने की बात सामने आई है। आरोपी को पुलिस ने सोमवार को करौली के पास पकड़ लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है।
मकान मालिक पहुंचा तो खुला खौफनाक राज
मामला तब सामने आया जब मकान मालिक किराए के मकान का निरीक्षण करने पहुंचा। घर पर बाहर से ताला लगा था। आसपास पूछताछ के बाद जब उसने परिसर को देखा तो आंगन की मिट्टी हाल में खुदी हुई नजर आई। शक होने पर उसने करीब से देखा तो जमीन से एक महिला का हाथ बाहर निकला हुआ था। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
दो महीने पहले लिया था मकान
पुलिस के अनुसार, प्रवेश ने करीब दो महीने पहले यह मकान किराए पर लिया था और किरण को मकान मालिक के सामने अपनी पत्नी बताया था। दोनों मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रहने वाले थे। प्रवेश बिंदायका क्षेत्र की एक फैक्ट्री में काम करता था।
आंगन से निकाला गया शव
सूचना मिलने के बाद पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। खुदाई कर महिला के शव को बाहर निकाला गया और पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने बताया कि हत्या की सही वजह और परिस्थितियों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा आगे की जांच से चलेगा।
हत्या के बाद फरार हुआ था आरोपी
प्रारंभिक पुलिस जांच के मुताबिक, प्रवेश ने कथित तौर पर महिला की हत्या के बाद रात में आंगन में गड्ढा खोदकर शव दफन किया और मकान पर ताला लगाकर फरार हो गया। पुलिस ने तकनीकी सुरागों के आधार पर उसे करौली के पास पकड़ लिया। अब उससे पूछताछ कर हत्या के कारण और घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ी जा रही हैं।
पुलिस के मुताबिक हत्या का वास्तविक मकसद अभी जांच का विषय है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
