इस्कॉन रायपुर में भक्तिमय हुआ माहौल, मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शुक्रवार को टाटीबंध स्थित इस्कॉन रायपुर के श्री श्री राधा रासबिहारी मंदिर में आयोजित श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महा-महोत्सव में शामिल हुए। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण और राधारानी के दर्शन कर पूजा-अर्चना एवं शंख अभिषेक किया और प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि की कामना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन धर्म, कर्तव्य और लोककल्याण के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। श्रीमद्भगवद्गीता में दिया गया कर्मयोग का संदेश आज भी मानवता को अपने कर्तव्य पथ पर आगे बढ़ने की दिशा दिखाता है।
इस दौरान मंदिर परिसर ‘हरे कृष्ण, हरे कृष्ण’ महामंत्र से गूंज उठा। मुख्यमंत्री ने भी श्रद्धालुओं के साथ महामंत्र का घोष किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार छत्तीसगढ़ के प्रमुख धार्मिक एवं आस्था केंद्रों को भव्य स्वरूप देने के साथ श्रद्धालुओं के लिए सुविधाओं का विस्तार कर रही है। श्रीरामलला दर्शन योजना के तहत अब तक 50 हजार से अधिक श्रद्धालु अयोध्या में रामलला के दर्शन कर चुके हैं। वहीं मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के जरिए प्रदेश के वृद्धजनों को प्रमुख तीर्थ स्थलों की यात्रा कराई जा रही है।
03 से 05 सितंबर तक आयोजित इस महोत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान श्रीकृष्ण और राधारानी के दर्शन कर रहे हैं।
