परीक्षा दे रहे करीब 50 बच्चों में मची अफरा-तफरी, घायल छात्रा के सिर में लगे 3 टांके; स्कूल भवन की सुरक्षा पर उठे सवाल
दुर्ग/गनियारी। दुर्ग जिले के गनियारी स्थित सरकारी स्कूल में मंगलवार को परीक्षा के दौरान उस वक्त हड़कंप मच गया, जब अचानक कक्षा की छत का प्लास्टर बच्चों के ऊपर आ गिरा। हादसे के समय कक्षा में करीब 50 बच्चे परीक्षा दे रहे थे।
अचानक प्लास्टर गिरने से परीक्षा दे रहे बच्चों में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में 3 बच्चे घायल हो गए। घायलों में कक्षा 10वीं की छात्रा द्रौपदी ठाकुर भी शामिल है, जिसके सिर में चोट आई। उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसके सिर में 3 टांके लगाए गए।
प्लास्टर गिरने की घटना के बाद स्कूल परिसर में कुछ देर के लिए स्थिति तनावपूर्ण हो गई। हालांकि, गनीमत रही कि हादसे में कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ।
लेकिन परीक्षा के दौरान स्कूल की छत का प्लास्टर बच्चों के ऊपर गिरने की घटना ने सरकारी स्कूल भवनों की सुरक्षा और रखरखाव व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अभिभावकों के बीच भी बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
घटना की जानकारी मिलते ही शिक्षा विभाग की टीम स्कूल पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। अब जांच के बाद यह स्पष्ट होगा कि स्कूल भवन की छत की स्थिति पहले से खराब थी या प्लास्टर गिरने की कोई अन्य वजह रही।
