कलेक्ट्रेट की टीम ने किया स्थल निरीक्षण, भारी वाहनों के लिए सुव्यवस्थित पार्किंग और मूलभूत सुविधाओं पर जोर
बचेली। नगर की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने और बीटीओ (बैलाडीला ट्रक ओनर्स एसोसिएशन) क्षेत्र में भारी वाहनों के व्यवस्थित आवागमन एवं पार्किंग की सुविधा विकसित करने की दिशा में बड़ी पहल सामने आई है। नगरपालिका अध्यक्ष राजू जायसवाल, जिला प्रशासन और नगरपालिका की पहल पर बीटीओ क्षेत्र में करीब 11 करोड़ रुपये के प्रस्तावित विकास कार्यों को लेकर कार्ययोजना पर चर्चा की गई।
इसी क्रम में जिला कलेक्ट्रेट से पहुंची निरीक्षण टीम ने बीटीओ क्षेत्र का मौका मुआयना किया और प्रस्तावित अधोसंरचना विकास को लेकर स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की।
मौके पर मौजूद रहे जनप्रतिनिधि और अधिकारी
निरीक्षण के दौरान नगरपालिका अध्यक्ष राजू जायसवाल, पार्षद एवं पीआईसी सदस्य हरीश शर्मा, मुख्य नगरपालिका अधिकारी कृष्णा राव, इंजीनियर संतोष नेगी तथा भाजपा मंडल कोषाध्यक्ष सूरज जायसवाल सहित संबंधित प्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।
पार्किंग से लेकर यातायात व्यवस्था तक पर मंथन
बैठक में बीटीओ क्षेत्र की मौजूदा आवश्यकताओं और नगर की यातायात समस्या को लेकर बिंदुवार चर्चा की गई। प्रस्तावित योजना में भारी वाहनों के लिए विशाल एवं सुव्यवस्थित पार्किंग स्थल, ट्रक चालकों एवं मालिकों के लिए आवश्यक मूलभूत सुविधाओं का विकास तथा नगर के प्रमुख मार्गों पर भारी वाहनों के कारण बनने वाले यातायात जाम को कम करने जैसे कार्यों को प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया।
11 करोड़ के प्रस्ताव पर गुणवत्तापूर्ण निर्माण की मांग
नगरपालिका अध्यक्ष राजू जायसवाल एवं पीआईसी सदस्य हरीश शर्मा ने कलेक्ट्रेट की टीम के समक्ष नगरहित में लगभग 11 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का प्रस्ताव रखा। अध्यक्ष ने प्रशासन से मांग की कि बीटीओ क्षेत्र में चल रहे और प्रस्तावित सभी निर्माण कार्यों को निर्धारित समयसीमा में गुणवत्ता के साथ पूरा कराया जाए, ताकि ट्रक व्यवसायियों के साथ-साथ आम नागरिकों को भी इसका सीधा लाभ मिल सके।
चरणबद्ध तरीके से होगा विकास
प्रस्तावित योजना को चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाने की बात सामने आई है। प्रथम चरण का निर्माण कार्य वर्तमान में जारी बताया गया है, जबकि द्वितीय चरण की औपचारिक स्वीकृति जल्द मिलने की संभावना है।
यदि प्रस्तावित विकास योजना निर्धारित गुणवत्ता और समयसीमा के साथ पूरी होती है, तो बीटीओ क्षेत्र में पार्किंग एवं यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित करने के साथ नगर की लंबे समय से चली आ रही भारी वाहनों से जुड़ी समस्या को कम करने में मदद मिल सकती है। इससे ट्रक मालिकों, चालकों और आम नागरिकों को सुविधा मिलने की उम्मीद है।
