कहीं छतों पर फंसे ट्रक चालक तो कहीं नदी में बहे बच्चे... कई लोग अब भी लापता, बस्तर से धमतरी और बिलासपुर तक राहत-बचाव अभियान तेज
रायपुर/जगदलपुर। छत्तीसगढ़ में लगातार हुई भारी बारिश के बाद नदियों और नालों के उफान ने कई इलाकों में जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। बस्तर समेत कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं। पिछले दो दिनों में करीब 5,000 लोगों को सुरक्षित निकाला गया, जबकि 16 लोगों को हेलीकॉप्टर की मदद से एयरलिफ्ट किया गया है।
बस्तर जिले में स्थिति सबसे ज्यादा प्रभावित बताई जा रही है। यहां शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में 43 राहत शिविर बनाए गए हैं, जहां 5,000 से अधिक प्रभावित लोगों को ठहराया गया है। प्रशासन की ओर से राहत शिविरों में भोजन और जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
🚁 डोंगाघाट में हेलीकॉप्टर से 16 लोगों का रेस्क्यू
अधिकारियों के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में बस्तर जिले में 1,000 से अधिक लोगों को बचाकर राहत शिविरों में पहुंचाया गया। रविवार सुबह डोंगाघाट क्षेत्र में फंसे 16 लोगों को हेलीकॉप्टर की मदद से सुरक्षित बाहर निकाला गया।
इंद्रावती नदी का जलस्तर भी खतरे के निशान से काफी ऊपर पहुंच गया। शनिवार रात आठ बजे नदी का जलस्तर 12.56 मीटर दर्ज किया गया, जो खतरे के निशान से 4.26 मीटर ऊपर था। इसके बाद नदी किनारे और निचले इलाकों में प्रशासन ने निगरानी बढ़ा दी है।
🚛 बाढ़ में फंसे ट्रक, छतों पर चढ़कर मांगी मदद
बस्तर में राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर बाढ़ का पानी भरने से कई ट्रक फंस गए। करीब आधा दर्जन ट्रक चालक और उनके सहायक पानी से बचने के लिए वाहनों की छतों पर चढ़ गए। बताया गया कि उन्होंने वीडियो बनाकर प्रशासन से मदद की गुहार लगाई, जिसके बाद राहत दलों ने मौके पर पहुंचकर उनका रेस्क्यू किया।
धमतरी में बाढ़ का कहर, शराब की बोतलें बहकर आईं
धमतरी में महानदी का जलस्तर बढ़ने से एक शराब दुकान पानी में डूब गई। दुकान में रखी शराब की बोतलें पानी के साथ बह गईं। इसके बाद कुछ लोग साड़ी और बांस से बनाए गए जुगाड़ू जाल से पानी में बहती बोतलों को पकड़ते नजर आए। घटना का वीडियो सामने आने के बाद यह मामला चर्चा में है।
🔎 कई लोग लापता, तलाश में जुटी SDRF
धमतरी जिले में अलग-अलग घटनाओं में लोगों के बहने की सूचना है। सिरसिदा गांव निवासी सेवानिवृत्त वन विभाग कर्मचारी बाबूलाल साहू लापता बताए गए हैं। नदी किनारे उनका मोबाइल फोन, शॉल, छड़ी और तौलिया मिला है। आशंका है कि वे नदी के तेज बहाव में बह गए।
वहीं मगरलोड थाना क्षेत्र के मेघा गांव में पेट्रोल पंप के पास नाले में 15 वर्षीय तराना निषाद के बहने की सूचना है। पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें दोनों मामलों में तलाश अभियान चला रही हैं।
बिलासपुर में नदी में बहे दो बच्चे, एक का शव मिला
बिलासपुर के दयालबंद क्षेत्र के मधुबन घाट पर शनिवार को अरपा नदी में नहाने गए 12 और 16 वर्ष के दो लड़के तेज बहाव में बह गए। देर रात इनमें से एक का शव बरामद कर लिया गया, जबकि दूसरे की तलाश जारी है।
🆘 प्रशासन अलर्ट, 24 घंटे निगरानी
बारिश थमने के बावजूद ऊपरी क्षेत्रों से लगातार पानी आने और बांधों से पानी छोड़े जाने के कारण नदियों का जलस्तर बढ़ रहा है। प्रशासन ने संवेदनशील इलाकों में चौबीसों घंटे निगरानी के निर्देश दिए हैं। जरूरत पड़ने पर प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों और राहत शिविरों में पहुंचाने के लिए बचाव दलों को तैयार रखा गया है।
छत्तीसगढ़ में बारिश और बाढ़ के बीच प्रशासन का रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है, जबकि लापता लोगों की तलाश में पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें जुटी हुई हैं।
