गणेश उत्सव समितियों को दी शुभकामनाएं, युवाओं को संस्कृति और सामाजिक सेवा से जुड़ने का किया आह्वान
रायपुर। गणेश उत्सव के अवसर पर रायपुर महानगर के मोवा प्रखंड में विश्व हिंदू परिषद द्वारा विशेष संपर्क अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत विहिप कार्यकर्ता विभिन्न गणेश पंडालों में पहुंचकर उत्सव समितियों के सदस्यों से आत्मीय मुलाकात कर रहे हैं और उन्हें श्री गणेश उत्सव की हार्दिक शुभकामनाएं दे रहे हैं।
विश्व हिंदू परिषद रायपुर महानगर के जिला सह संयोजक भागवत साहू ने बताया कि संपर्क अभियान का उद्देश्य गणेश उत्सव से जुड़े युवाओं एवं कार्यकर्ताओं से संवाद स्थापित करना तथा हिंदू संस्कृति, परंपराओं और धार्मिक उत्सवों के संरक्षण में उनके योगदान को प्रोत्साहित करना है।
उन्होंने कहा कि गणेश उत्सव केवल धार्मिक आयोजन ही नहीं, बल्कि समाज को एकजुट करने और युवाओं को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने का अवसर भी है। उत्सव समितियों के सक्रिय कार्यकर्ताओं द्वारा किए जा रहे प्रयास सनातन परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
संपर्क के दौरान विश्व हिंदू परिषद के सामाजिक कार्यों एवं संगठन की गतिविधियों की जानकारी भी उत्सव समिति के सदस्यों और युवाओं को दी जा रही है। साथ ही आगामी सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों में सहभागिता के लिए उन्हें प्रेरित किया जा रहा है।
भागवत साहू ने कहा कि गणेश उत्सव के माध्यम से समाज के युवाओं और उत्साही कार्यकर्ताओं से आत्मीय संपर्क स्थापित कर उन्हें संस्कृति, सामाजिक सेवा एवं जनकल्याण से जुड़े कार्यों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने सभी गणेश उत्सव समितियों के कार्यकर्ताओं एवं श्रद्धालुओं को श्री गणेश उत्सव की हार्दिक शुभकामनाएं एवं मंगलकामनाएं प्रेषित कीं।
