मामूली कहासुनी ने लिया हिंसक रूप, ठेला संचालक के खिलाफ केस दर्ज
ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में मोमोज की कीमत और संख्या को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि ठेला संचालक ने कढ़ाई में रखा खौलता तेल 18 वर्षीय छात्र पर फेंक दिया। गर्म तेल की चपेट में आने से छात्र का चेहरा और कान बुरी तरह झुलस गए। घटना का फुटेज भी सामने आया है।
घटना रविवार शाम पुरानी रेशम मिल चौराहे की बताई जा रही है। घायल छात्र की पहचान न्यू रेशम मिल क्षेत्र के प्रगति नगर निवासी शिवा उर्फ चेतन भदौरिया के रूप में हुई है।
दोस्तों के साथ मोमोज खाने रुका था छात्र
जानकारी के मुताबिक, शिवा अपने दो दोस्तों गोलू खान और विकास राजपूत के साथ जिम जाने के लिए निकला था। रास्ते में तीनों पुरानी रेशम मिल चौराहे पर मोमोज खाने के लिए रुके। इसी दौरान 20 रुपए में 7 मोमोज देने को लेकर ठेला संचालक से विवाद होने की बात सामने आई है।
आरोप है कि कहासुनी बढ़ने के बाद ठेला संचालक ने कढ़ाई में रखा खौलता तेल शिवा की ओर फेंक दिया। तेल उसके चेहरे और कान पर गिरा, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया।
अस्पताल में चल रहा इलाज
गर्म तेल गिरने के बाद शिवा दर्द से चीखने लगा। उसके दोस्तों और आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल उसकी मदद की और उसे अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल छात्र का उपचार जारी है।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
घटना की सूचना मिलने के बाद हजीरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने घायल छात्र और उसके दोस्तों के बयान लिए हैं तथा आसपास मौजूद लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, ठेला संचालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस घटना से जुड़े फुटेज और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी।
